सामान्य ज्ञान

लोहे के बर्तनों में खाना बनाने से जुड़े इन मिथकों पर ना करें यकीन

क्या आपको कास्ट आयरन के बारे में पता है? कैसे ये नॉर्मल लोहे के बर्तनों से अलग होते हैं? इस बात से बहुत फर्क पड़ता है कि हम किस तरह के बर्तन में खाना बना रहे हैं। खाने के बर्तन हमारी हेल्थ के लिए जिम्मेदार होते हैं और कास्ट आयरन कुकवेयर को भी बहुत ही हेल्दी माना जाता है। हालांकि, कास्ट आयरन को लेकर कई तरह के मिथक हैं जिनके कारण उन्हें लोग ज्यादा खरीदते नहीं हैं। एल्युमीनियम और नॉन-स्टिक के बर्तन सस्ते भले ही हों, लेकिन उनके कारण हेल्थ को लेकर बहुत सारी समस्याएं होती हैं। ऐसे में कास्ट आयरन एक अच्छा कुकिंग ऑप्शन हो सकता है।

क्या है कास्ट आयरन और आम लोहे के बर्तनों में :

आम लोहे के बर्तन लोहे के साथ कई अन्य तरह के धातु जैसे एल्युमीनियम से मिलकर बने होते हैं। इनमें जंग भी जल्दी लगती है और आपने देखा होगा कि इनमें खाना पकाने से खाने में काला रंग आ जाता है। कास्ट आयरन कुकवेयर प्योर लोहे के बने होते हैं जिनके कारण ये बहुत लंबे समय तक चलते हैं और खाने का स्वाद भी बढ़ाते हैं। कास्ट आयरन में ऐसा खाना पकाया जा सकता है जो लंबे समय में पकता है जैसे मीट आदि।

कास्ट आयरन कुकवेयर से जुड़े कई मिथक हैं जिनके कारण ये अभी भी ज्यादा लोकप्रिय नहीं हुई हैं। कास्ट आयरन अधिकतर शेफ्स के बीच फेमस है क्योंकि लोग आमतौर पर इसके उपयोग को समझ नहीं पाते हैं।

मिथक: कास्ट आयरन के बर्तन जल्दी खराब हो जाते हैं।

हां, यह सच है कि इन्हें थोड़ी केयर की जरूरत पड़ती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ये आसानी से मेंटेन नहीं किए जा सकते। इन्हें तेल से रेगुलर सीजन करना पड़ता है जिससे जंग लगने की समस्या खत्म हो जाए साथ ही नॉन-स्टिक सरफेस भी बना रहे। इन्हें साफ करने के लिए बहुत ज्यादा हार्ड डिटर्जेंट इस्तेमाल करना सही नहीं होता है।

मिथक: कास्ट आयरन कुकवेयर में एसिडिक फूड्स नहीं बनाए जा सकते।

हां, आप इन्हें रोजाना नहीं बना सकती हैं जिससे कास्ट आयरन की सीजनिंग खराब होती है, लेकिन आप कभी-कभी इन्हें बना सकती हैं और इनके स्वाद और कास्ट आयरन की प्रोटेक्टिव लेयर किसी भी चीज में कोई खराबी नहीं होगी।

मिथक: कास्ट आयरन सिर्फ चीजों को फ्राई करने के लिए अच्छा होता है।

ऐसा बिल्कुल नहीं है, कास्ट आयरन में आप किसी भी तरह की डिश बना सकते हैं और यह बेकिंग, रोस्टिंग, चीजों को फ्राई करना, उन्हें सेकना किसी भी चीज के लिए अच्छा हो सकता है।

मिथक: कास्ट आयरन में जल्दी पकने वाला खाना नहीं बनाया जा सकता।

ऐसा भी सही नहीं है। कास्ट आयरन में खाना पकाते समय अगर आप खाने पर ही ध्यान दे रही हैं और उन्हें रेगुलर उलट-पलट रही हैं, तो कास्ट आयरन सही होगा। हां, खाना रखकर छोड़ देंगी, तो यह जलेगा ही क्योंकि कास्ट आयरन का सरफेस काफी गर्म हो जाता है।

मिथक : कास्ट आयरन में खाना पकाने से खाने में आयरन की मात्रा जरूरत से ज्यादा हो जाती है।

हां, कास्ट आयरन में खाना बनाने से खाने में आयरन कंटेंट बढ़ता जरूर है, लेकिन यह इतना ज्यादा नहीं बढ़ता कि आपको परेशानी हो। बल्कि खाने में आयरन की मात्रा ज्यादा होना अच्छा माना जा सकता है।

मिथक : कास्ट आयरन के बर्तन बहुत महंगे होते हैं, लेकिन जल्दी खराब होते हैं।

ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। यह बर्तन कई सालों तक चल सकते हैं। अगर आप नॉर्मल स्टेनलेस स्टील या नॉन-स्टिक बर्तनों को देखें, तो इनके खराब होने की गुंजाइश ज्यादा रहती है, लेकिन अगर कास्ट आयरन को देखें, तो सही केयर के साथ यह कई सालों तक चल सकता है।

मिथक : कास्ट आयरन के बर्तनों को साबुन से धोया नहीं जा सकता

कुछ बूंद लिक्विड सोप से यह खराब नहीं होगा। हां, आपको इसे दोबारा तेल लगाकर थोड़ा सा गर्म करना होगा जिससे इसकी प्रोटेक्टिव लेयर बनी रहे। कास्ट आयरन पूरी तरह से लोहे का बना होता है इसलिए इसमें तेल लगाकर इसे गर्म किया जाता है जिससे इसे जंग से बचाया जा सके।

यह भी पढ़ें : अचानक घर पर आ जाए मेहमान, तो 15 मिनट में झटपट बनाएं ये स्वादिष्ट स्नैक्स, मेहमान होंगे खुश

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button